April 23, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

लोहाघाट में जलसंस्थान पानी देने हुआ नाकाम तो, हैंडपंप बने लोगों का सहारा

लोहाघाट। नगर लोहाघाट में पेयजल समस्या गहरा गई है। लोगों ने जलसंस्थान से मुख्य पेयजल टैंक में अतिरिक्त पानी डालने की मांग उठाई। समस्या का समाधान न होने पर लोगों ने आंदोलन की चेतावनी दी।
गुरुवार को निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, लीलांबर गहतोड़ी, मनोज खर्कवाल, हेम राय, राजू बिष्ट, चंदन बिष्ट, अमर नाथ, दीपक राय आदि ने बताया कि नगर में पेयजल समस्या गहरा गई है। लोगों के घरों में तीसरे और चौथे दिन केवल 15 से 18 मिनट तक पानी आ रहा है। ऐसे में लोग अपना कीमती समय देकर नौले, हैंडपंप आदि से पानी ढो रहे हैं। लोगों ने बताया कि पूर्व में नगर पालिका की ओर से लगे सोलर हैंडपंप और हैंडपंप ही लोगों का सहारा बने हुए हैं। जिसमें भी सुबह से शाम तक भीड़ लगी हुई रहती है। निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा कि लोहाघाट नगर में वर्षों से पेयजल समस्या बनी हुई है। उन्होंने जलसंस्थान से मांग करते हुए कहा कि जब तक बारिश का सीजन नहीं आ जाता है तब तक जलसंस्थान नगर के मुख्य पेयजल टैंक में अतिरिक्त वाहनों के जरिए पानी डाले जिससे काफी हद तक समस्या का समाधान हो जाए। उन्होंने कहा कि अगर समस्या का समाधान न किया गया तो लोग जलसंस्थान का घेराव करने को मजबूर हो जाएंगे। जलसंस्थान के सहायक अभियंता पवन बिष्ट ने बताया कि बारिश न होने से पेयजल योजनाओं का जल स्तर कम हो गया है। लोगों को दूसरे दिन पानी दिया जा रहा है। अभियंता ने बताया कि नगर में 2160 केएल के सापेक्ष चार पेयजल योजना से केवल 430 केएल पानी मिल रहा है और वाहनों के जरिए 40 केएल पानी मुख्य पेयजल टैंक में डाला जा रहा है।
शेयर करे