नेपाल बॉर्डर के पास पांच हजार का इनामी गैंगस्टर स्मैक के साथ गिरफ्तार
एसओजी ने जंगल में चेकिंग के दौरान पकड़ा, 18.08 ग्राम हेरोइन बरामद; बनबसा और मुंबई में भी दर्ज हैं एनडीपीएस के मुकदमे
चम्पावत। ऑपरेशन प्रहार के तहत चम्पावत पुलिस ने नेपाल सीमा के पास जंगल में चेकिंग के दौरान पांच हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 18.08 ग्राम अवैध हेरोइन (स्मैक) बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 अक्टूबर को एसओजी चम्पावत की टीम ने नेपाल सीमा पर पिलर संख्या 805/01 के निकट जंगल में चेकिंग के दौरान राहुल कुमार पुत्र स्वर्गीय गणेश लाल, निवासी पम्पापुर, थाना बनबसा को गिरफ्तार किया। आरोपी गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3 के तहत दर्ज मामले में वांछित था और उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ बनबसा थाने में एनडीपीएस एक्ट के दो और गैंगस्टर एक्ट का एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा मुंबई में भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पूछताछ में आरोपी ने नेपाल के झलारी-महेंद्रनगर निवासी रवि बासा के साथ स्मैक के कारोबार में संलिप्त होने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक नानकमत्ता निवासी एक व्यक्ति से प्राप्त की गई थी और आरोपी इसे लेकर नेपाल लौट रहा था।
पुलिस का कहना है कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी, संगठित अपराध और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

More Stories
चरस तस्करी के मामले में दो दोषियों को सजा, छह और चार साल का कठोर कारावास
मानदेय वृद्धि और पेंशन की मांग को लेकर उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन का प्रदर्शन, सरकार को 22 नवंबर का अल्टीमेटम
बनबसा में नशीली दवाओं की बड़ी खेप बरामद, 2770 कैप्सूल और टैबलेट के साथ बरेली का एमआर गिरफ्तार