विधायक के कमीशन के आरोपों को ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संगठन ने खारिज किया
चंपावत । ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संगठन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, कार्मिकों की छवि धूमिल होने का जताया विरोध
चंपावत। ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संगठन ने लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी की ओर से पंचायतीराज विभाग के कार्मिकों पर लगाए गए 15 से 25 प्रतिशत कमीशन लेने के आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया है। संगठन ने शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार को ज्ञापन सौंपकर मामले में अपना पक्ष रखा।
संगठन ने कहा कि विधायक ने तीन सितंबर को विकास भवन पहुंचकर विभिन्न विकास कार्यों में अनियमितता और गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। इनमें चेक देने के एवज में कमीशन लेने का आरोप भी शामिल था। संगठन के अनुसार ग्राम पंचायत निधि से कराए जाने वाले कार्यों का भुगतान चेक के माध्यम से नहीं किया जाता है। भुगतान डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए सीधे निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों और सामग्री उपलब्ध कराने वाली संबंधित फर्म के खातों में किया जाता है।
संगठन ने जिला पंचायतीराज अधिकारी (डीपीआरओ) को कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी बताते हुए उनके साथ कथित अभद्रता की निंदा की। पदाधिकारियों ने कहा कि कार्मिकों पर लगाए जा रहे आरोपों से उनकी सामाजिक छवि प्रभावित हो रही है और उन्हें मानसिक एवं सामाजिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शिवांशु वर्मा और महासचिव दिनेश सिंह बिष्ट के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में संगठन के कई ग्राम पंचायत विकास अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
NPS-UPS के विरोध में कर्मचारियों ने किया पेंशन उपवास, OPS बहाली की उठाई मांग
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का शाल ओढ़ाकर किया स्वागत
चार घंटे तक घायल को ढोते रहे ग्रामीण, साला-रज्यूड़ा तक आज तक नहीं पहुंची सड़क