September 6, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

नदी का जलस्तर बढ़ने से दूसरी ओर फंसे तीन ग्रामीण, SDRF ने किया सकुशल रेस्क्यू

Dukan Ad
Dukan Ad

नदी का जलस्तर बढ़ने से दूसरी ओर फंसे तीन ग्रामीण, SDRF ने किया सकुशल रेस्क्यू

टनकपुर। छीनीगोठ क्षेत्र में हुड्डी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से पशुओं के लिए चारा लेने गए तीन ग्रामीण नदी के दूसरी ओर फंस गए। सूचना मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ टीम को मौके पर भेजा। टीम ने तेज बहाव के बीच अभियान चलाकर तीनों ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

ग्राम प्रधान छीनीगोठ ने ग्रामीणों के नदी के दूसरी ओर फंसे होने की सूचना राजस्व उप निरीक्षक को दी। इसके बाद सूचना जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से एसडीआरएफ तक पहुंचाई गई। एसडीआरएफ पोस्ट टनकपुर से उप निरीक्षक दीपक चंद्र जोशी के नेतृत्व में टीम आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची।

टीम ने नदी के बढ़े जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। रेस्क्यू किए गए ग्रामीणों में पार्वती तिवारी (36), मुकेश जोशी (50) और दीपक तिवारी (40), निवासी छीनीगोठ शामिल हैं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर वर्षाकाल में आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव टीमों को अलर्ट रखा गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सावधानी बरतने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

शेयर करे