नेपाल से अवैध रूप से लाए जाने का आरोप, चार भारतीय और दो नेपाली नागरिक गिरफ्तार
चम्पावत। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की पंचम वाहिनी ने चूका-रूपालीगाड़ क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 40 बकरियां बरामद कीं। बकरियों को वाहन में बेरहमी से ठूंसकर भरा गया था। इनमें सात बकरियां मृत मिलीं। मामले में चार भारतीय और दो नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।
एसएसबी के अनुसार, 20 अक्टूबर को बाह्य सीमा चौकी चूका के जवानों ने सूचना के आधार पर शारदा नदी के निकट विशेष नाका लगाया था। इस दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच में बकरियां नेपाल के डडेलधुरा क्षेत्र से अवैध रूप से लाए जाने की बात सामने आई।
एसएसबी ने गिरफ्तार आरोपितों, बरामद बकरियों और पिकअप वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस थाने के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसबी पंचम वाहिनी के कमांडेंट सुरेन्द्र विक्रम ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


More Stories
मिनिस्ट्रीयल कार्मिकों का धरना दूसरे दिन भी जारी, मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
13.85 करोड़ रुपये से बनेगा चम्पावत का नया तहसील भवन
पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित वारंटी गिरफ्तार