पटवारी चौकी में तोड़फोड़ व सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो प्रसारित करने का आरोप, कार्रवाई की मांग
चम्पावत। पर्वतीय राजस्व निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक एवं राजस्व सेवक संघ, चम्पावत ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर भगीनाखेत पटवारी चौकी में अनाधिकृत प्रवेश, राजकीय अभिलेखों व शासकीय सामग्री को क्षति पहुंचाने तथा सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक व आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन के अनुसार, 2 अगस्त को फेसबुक पर प्रसारित एक वीडियो में भगीनाखेत पटवारी चौकी को दिखाया गया। संघ का आरोप है कि चौकी भवन लंबे समय से मरम्मत, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव में नियमित संचालन योग्य नहीं है, जिसके चलते संबंधित राजस्व उप निरीक्षक वैकल्पिक व्यवस्था से सरकारी कार्यों का संचालन कर रहे हैं।
संघ का कहना है कि संबंधित व्यक्ति ने राजस्व उप निरीक्षक की अनुपस्थिति में चौकी का ताला तोड़कर अनाधिकृत रूप से प्रवेश किया और वहां सुरक्षित रखे राजकीय अभिलेखों एवं अन्य सरकारी सामग्री के साथ छेड़छाड़ कर उसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दी।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि वीडियो में अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध अशोभनीय, अपमानजनक एवं निराधार टिप्पणियां भी की गईं, जिससे कर्मचारियों में रोष और असुरक्षा का माहौल है तथा उनके मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। संघ ने यह भी दावा किया कि संबंधित व्यक्ति पूर्व में भी अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार के मामलों को लेकर चर्चा में रहा है।
राजस्व कर्मचारी संघ ने उपजिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा राजकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, शासकीय भवन में अनधिकृत प्रवेश और सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के मामले में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष अशोक कुमार विश्वकर्मा, तहसील अध्यक्ष चन्द्रशेखर पंत, राजस्व निरीक्षक छत्र सिंह बोहरा तथा राजस्व उप निरीक्षक विनोद देव, पवन जकारिया, नवल जोशी और जीवन रिंगवाल शामिल रहे।

More Stories
कुलेठी विद्यालय में लोकभाषा शिक्षण कक्षाएं, विद्यार्थियों को वितरित हुई अध्ययन सामग्री
लोहाघाट में 1.490 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, नशा तस्करी पर पुलिस का बड़ा प्रहार
मांगें पूरी नहीं हुईं तो 2027 विधानसभा चुनाव बहिष्कार की चेतावनी, पऊ के ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन