लोहाघाट क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार की तैयारी, तीन स्थानों पर खेल मैदान और दो जगह बनेंगे मिनी स्टेडियम
चौमेल व पुलहिंडोला में मिनी स्टेडियम तथा मूलाकोट, पाटी और ईजड़ा में खेल मैदान निर्माण का प्रस्ताव, 1.85 करोड़ रुपये की धनराशि तकनीकी समिति ने पाई औचित्यपूर्ण
चम्पावत, 02 नवंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके तहत चौमेल और पुलहिंडोला में मिनी स्टेडियम, जबकि मूलाकोट, पाटी और ईजड़ा में खेल मैदान का निर्माण प्रस्तावित है। इन पांचों कार्यों के लिए जनपद स्तरीय तकनीकी सलाहकार समिति (टीएसी) ने कुल 185.03 लाख रुपये की धनराशि को औचित्यपूर्ण पाया है।
मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 288/2026 के तहत प्रस्तावित इन निर्माण कार्यों के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के विभागीय बजट में बजट प्रावधान उपलब्ध नहीं है। ऐसे में घोषणा मद से धनराशि स्वीकृत कराने के लिए पत्रावली घोषणा अनुभाग को भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्यों की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप प्रस्तावित मिनी स्टेडियम और खेल मैदान क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर खेल अभ्यास की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित होंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारी करने का अवसर मिलेगा।
कहा कि खेल सुविधाओं का विस्तार युवाओं और बच्चों को शारीरिक गतिविधियों से जोडने क साथ ही उनमें अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने में भी सहायक होगा। स्थानीय स्तर पर खेल मैदान उपलब्ध होने से आसपास के गांवों के खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

More Stories
सफाई कर्मचारियों के वेतन, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर आयोग के उपाध्यक्ष ने की समीक्षा
दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, सात खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे
जनता मिलन में 139 लोगों ने रखीं समस्याएं, नौ लाभार्थियों के मौके पर बने आयुष्मान कार्ड