November 2, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, सात खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे

Dukan Ad
Dukan Ad

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, सात खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे

टनकपुर और बनबसा में जनरल स्टोर व मिष्ठान भंडारों का निरीक्षण, दुकानदारों को स्वच्छता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश

चम्पावत, 02 नवंबर। दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न जनरल स्टोर और मिष्ठान भंडारों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। विभागीय टीम ने संदेह के आधार पर सात खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त उत्तराखंड और जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खाद्य कारोबारियों को मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानों में स्वच्छता बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के नियमों का पालन करने को कहा।

अभियान के दौरान खोया से बनी मिठाइयों, खाद्य तेल, मैदा, खिलौना और पैक्ड मिठाइयों समेत कुल सात नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को चेतावनी दी है कि त्योहार के दौरान केवल ताजा, शुद्ध और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री ही बेचें। एक्सपायरी डेट की सामग्री और बासी खाद्य पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण अभियान में सहायक दिनेश फर्त्याल भी शामिल रहे।

शेयर करे