जनता मिलन में 139 लोगों ने रखीं समस्याएं, नौ लाभार्थियों के मौके पर बने आयुष्मान कार्ड
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, बोले- जनसमस्याओं के समाधान में न बरतें लापरवाही
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सोमवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 139 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नौ लाभार्थियों के मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
जनता मिलन में सोलर लाइट लगाने, फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ एवं चेनलिंक फेंसिंग, प्रधानमंत्री आवास योजना, सुरक्षा दीवार निर्माण, आर्थिक सहायता, राशन कार्ड, पशुपालन, सड़क और पेयजल से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का नियमानुसार समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान दिव्यांग सुंदर सिंह और मुड़ियानी निवासी ममता देवी ने अपने दिव्यांग पुत्र हिमांशु रावत के उपचार और आर्थिक सहायता की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उपचार संबंधी आवश्यक कार्रवाई तत्काल करने के निर्देश दिए। साथ ही आर्थिक सहायता के आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर कार्रवाई करने को कहा।
ग्रामसभा हरम, मंच निवासी शंकर सिंह ने पेयजल की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं, मौराड़ी निवासी लक्ष्मीदत्त जोशी, नरसिंह डांडा निवासी कमला देवी, लड़ाबोरा अमोड़ी निवासी मुकेश सिंह नेगी, लोहाघाट निवासी अनिल राय, अर्जुन सिंह और सुंदरी देवी ने आर्थिक सहायता के लिए आवेदन किया। अजय नरियाल ने फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए घेरबाड़ की मांग रखी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन पर की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा और फॉलोअप किया जाए। शिकायतकर्ताओं को भी उनके आवेदन की प्रगति से अवगत कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारी संवेदनशीलता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं।
जनता मिलन कार्यक्रम में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग विभोर गुप्ता तथा परियोजना प्रबंधक यूयूएसडीए अंकित आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, सात खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे
नशा हटाओ-जीवन बचाओ अभियान को स्वामी चिदानंद सरस्वती का समर्थन, शिक्षक सामश्रवा आर्य के प्रयासों की सराहना
गोरल चौड़ मैदान में 100 से अधिक युवाओं को मिलेगा अग्निवीर भर्ती का प्रशिक्षण, जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा