एसएसबी ने 15 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का किया शुभारंभ, स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की पहल
चम्पावत। पंचम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), चम्पावत की ओर से नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती वाइब्रेंट विलेज मंडुवा में डिटर्जेंट पाउडर निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। कमांडेंट सुरेन्द्र विक्रम के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ एक नवंबर को किया गया। महिला जनजाति सेवा समिति, खटीमा के सहयोग से आयोजित यह प्रशिक्षण 16 नवंबर तक चलेगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं एवं युवाओं को रोजगारपरक कौशल प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को डिटर्जेंट पाउडर बनाने की विधि, कच्चे माल की जानकारी, मिश्रण तैयार करने, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग और विपणन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे ग्रामीणों को स्वरोजगार के अवसर मिलने के साथ ही आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर कमांडेंट सुरेन्द्र विक्रम ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल का दायित्व केवल सीमाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के नागरिकों के सामाजिक और आर्थिक विकास में भागीदारी निभाना भी है। ऐसे कौशल विकास कार्यक्रम ग्रामीणों को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आजीविका बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से पूरी लगन और उत्साह के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान जनजातीय गौरव पखवाड़ा-2026 के तहत महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और योगदान की जानकारी भी दी गई। कमांडेंट ने कहा कि बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन और शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित कर जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन सामाजिक एकता, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है।
पंचम वाहिनी की ओर से एक से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया जा रहा है।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य पुष्कर राम, ग्राम प्रधान मंडुवा के प्रतिनिधि सूरज विश्वकर्मा, महिला जनजाति सेवा समिति की अध्यक्ष गंगा राणा, सचिव सुरेश सिंह, प्रशिक्षक मनीषा राणा, स्थानीय ग्रामीण, प्रशिक्षणार्थी और एसएसबी के जवान मौजूद रहे।




More Stories
गोरल चौड़ मैदान में 100 से अधिक युवाओं को मिलेगा अग्निवीर भर्ती का प्रशिक्षण, जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
खेतीखान में 27वें दीप महोत्सव का भव्य शुभारंभ,पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने रिबन काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन
दीपावली तक चलेगा रेडक्रॉस का स्वच्छता अभियान, पार्क में किया श्रमदान