दीपावली तक चलेगा रेडक्रॉस का स्वच्छता अभियान, पार्क में किया श्रमदान
कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर चलाया सफाई अभियान, चार नागरिकों ने ली रेडक्रॉस की आजीवन सदस्यता
चम्पावत। दीपावली तक स्वच्छ और सुंदर वातावरण बनाने के उद्देश्य से जिला रेडक्रॉस समिति की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के पहले दो दिनों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, रेडक्रॉस कार्यालय और छतार वार्ड स्थित शहीद शिरोमणि चिलकोटी चिल्ड्रेन पार्क में सफाई अभियान चलाकर श्रमदान किया गया। इस दौरान चार नागरिकों ने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की आजीवन सदस्यता भी ग्रहण की।
भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की राज्य शाखा की ओर से आयोजित वर्चुअल बैठक में प्रदेशभर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया था। इसी क्रम में जिला रेडक्रॉस समिति ने कायाकल्प गतिविधियों के तहत अभियान शुरू किया है। पहले दिन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय और जिला रेडक्रॉस कार्यालय में सफाई की गई। समिति के पदाधिकारियों और स्वयंसेवियों ने कार्यालयों के विभिन्न कक्षों और परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
दूसरे दिन समिति के चेयरमैन राजेंद्र गहतोड़ी और सचिव जनार्दन चिलकोटी के नेतृत्व में छतार वार्ड स्थित शहीद शिरोमणि चिलकोटी चिल्ड्रेन पार्क और आसपास के क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया गया। इसमें वार्डवासियों के साथ नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों ने भी श्रमदान किया।
इस दौरान वार्ड सभासद प्रेमा चिलकोटी, पूर्व सभासद शकुन्तला गोस्वामी, छतार वार्ड विकास समिति के अध्यक्ष शंकर गिरी गोस्वामी, सेवानिवृत्त महाप्रबंधक जीबी जोशी, मुख्य फार्मेसी अधिकारी डॉ. विष्णु गिरी गोस्वामी, पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी लोकमणि पंत, नरेश चंद्र भट्ट, जीवन चंद्र जोशी, नवीन चंद्र पंत, कमल जोशी, आशा जोशी, जानकी भट्ट, ममता भट्ट और हेमा भट्ट सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
चार नागरिक बने रेडक्रॉस के आजीवन सदस्य
स्वच्छता अभियान के दौरान शंकर गिरी गोस्वामी, जीवन चंद्र जोशी, नवीन चंद्र पंत और कमल जोशी ने रेडक्रॉस सोसायटी की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। चेयरमैन राजेंद्र गहतोड़ी और सचिव जनार्दन चिलकोटी ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उनसे सामाजिक सेवा, आपदा राहत और जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा की।
चेयरमैन राजेंद्र गहतोड़ी ने कहा कि रेडक्रॉस आपदा राहत के साथ जनस्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी कार्य कर रही है। वहीं सचिव जनार्दन चिलकोटी ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी विशेष अभियान या पर्व तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है।
समिति की ओर से दीपावली तक नगर पालिका के अन्य वार्डों में भी स्थानीय नागरिकों के सहयोग से स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम जारी रखने का निर्णय लिया गया है।

More Stories
दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, सात खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे
जनता मिलन में 139 लोगों ने रखीं समस्याएं, नौ लाभार्थियों के मौके पर बने आयुष्मान कार्ड
नशा हटाओ-जीवन बचाओ अभियान को स्वामी चिदानंद सरस्वती का समर्थन, शिक्षक सामश्रवा आर्य के प्रयासों की सराहना