

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने शुरू किया फूड वैन कारोबार, ग्रामीण आर्थिकी को मिल रही मजबूती
पाटी के रौलमेल क्षेत्र में करीब 10 लाख रुपये की लागत से स्थापित किया उद्यम, महिलाओं के साथ पुरुषों का भी मिल रहा सहयोग
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में चम्पावत जिले के पाटी विकासखंड के रौलमेल क्षेत्र में सरस्वती स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने ग्रामोत्थान परियोजना के सहयोग से फूड वैन कारोबार शुरू किया है।
महिलाओं ने स्थानीय पुरुषों के सहयोग और सामूहिक प्रयासों से करीब 10 लाख रुपये की लागत से आधुनिक फूड वैन स्थापित की है। इस उद्यम के लिए ग्रामोत्थान परियोजना से छह लाख रुपये की सहायता मिली है। वहीं, तीन लाख रुपये का बैंक ऋण लिया गया है, जबकि एक लाख रुपये का अंशदान स्वयं सहायता समूह ने किया है।
समूह की ओर से संचालित यह मोबाइल फूड वैन क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोगों को फास्ट फूड उपलब्ध करा रही है। स्थानीय लोगों की ओर से भी इसे अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इस पहल से जहां क्षेत्रवासियों को मनपसंद व्यंजन उपलब्ध हो रहे हैं, वहीं समूह से जुड़ी महिलाओं और उनके परिवारों की आमदनी बढ़ने के साथ आर्थिक स्थिति भी मजबूत हो रही है।
फूड वैन का यह उद्यम ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं, सामूहिक सहभागिता और स्वरोजगार के बेहतर समन्वय की मिसाल बन रहा है। साथ ही यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

More Stories
दीपावली तक चलेगा रेडक्रॉस का स्वच्छता अभियान, पार्क में किया श्रमदान
ऑल इंडिया फायर सर्विस प्रतियोगिता में चम्पावत के महेंद्र सिंह रावत ने जीता कांस्य पदक
खेतीखान में दीप महोत्सव का कल होगा भव्य शुभारंभ, पूर्व विधायक पूरन फर्त्याल करेंगे उद्घाटन