सफाई कर्मचारियों के वेतन, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर आयोग के उपाध्यक्ष ने की समीक्षा
शिक्षा विभाग में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति और पर्यावरण मित्रों के वेतन-भत्तों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश
चम्पावत, 2 नवंबर। उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्य मंत्री) संतोष गौरव ने सोमवार को नगर पालिका परिषद चम्पावत के सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं, नियुक्ति, वेतन-भत्तों, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और कार्यस्थल पर सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखते हुए समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय भी मौजूद रहीं। आयोग के उपाध्यक्ष के पहली बार चम्पावत पहुंचने पर नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
समीक्षा के दौरान उपाध्यक्ष ने खंड शिक्षा अधिकारी को शिक्षा विभाग में आवश्यकता के अनुसार सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति के संबंध में शासनादेशों और विधिक प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
वहीं, जिला चिकित्सालय प्रशासन को चम्पावत में कार्यरत पर्यावरण मित्रों को नियमानुसार देय वेतन और अन्य अनुमन्य भत्तों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वेतन-भत्तों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए और कर्मचारियों के वैधानिक अधिकारों का संरक्षण किया जाए।
उपाध्यक्ष संतोष गौरव ने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज और स्वच्छता व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनके सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक हितों का ध्यान रखना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कर्मचारियों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने कहा कि नगर पालिका सफाई कर्मचारियों के हितों और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत के विजन के अनुरूप नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने नगर क्षेत्र में संचालित स्वच्छता गतिविधियों, घर-घर कूड़ा संग्रहण, कूड़ा पृथक्करण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी दी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, सिटी मिशन मैनेजर महेश चौहान, नगर पालिका के वार्ड सदस्य, पर्यावरण मित्र और अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

More Stories
बीस सूत्री कार्यक्रम में चम्पावत का दबदबा, 99.75 प्रतिशत प्रगति के साथ लगातार 15 माह से प्रदेश में
टनकपुर में 14.25 करोड़ रुपये से बनेगा मीडिया सेंटर, पत्रकारों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
एनएच-125 चौड़ीकरण में बड़ा बदलाव, चम्पावत में 45 के बजाय 30 मीटर होगा ROW