एनएच-125 चौड़ीकरण में बड़ा बदलाव, चम्पावत में 45 के बजाय 30 मीटर होगा ROW
सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के लिए संशोधित भूमि अधिग्रहण प्लान तैयार, जिलाधिकारी ने पारदर्शिता के साथ कार्रवाई के दिए निर्देश
चम्पावत, 03 नवंबर। राष्ट्रीय राजमार्ग-125 के सितारगंज-टनकपुर खंड के चौड़ीकरण को लेकर महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है। चम्पावत जिले में राजमार्ग के राइट ऑफ वे (ROW) की चौड़ाई अब 45 मीटर के बजाय 30 मीटर निर्धारित की गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की परियोजना कार्यान्वयन इकाई रुद्रपुर की ओर से इस संबंध में संशोधित भूमि अधिग्रहण प्लान तैयार कर आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-125 को दो लेन से चार लेन (लेपित स्कंध सहित) में विकसित करने की इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी और परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाना है। ROW की चौड़ाई में किए गए संशोधन के संबंध में भारत के राजपत्र में अधिसूचनाएं भी प्रकाशित की गई हैं।
इस मामले में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भूमि अधिग्रहण और सड़क चौड़ीकरण से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं भारत के राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचनाओं तथा संशोधित प्रावधानों के अनुरूप पूरी की जाएं। उन्होंने कार्यवाही में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के साथ ही नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि संशोधित ROW के तहत स्थानीय भू-स्वामियों और आम नागरिकों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाए। विकास कार्यों को गति देने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया के दौरान लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

More Stories
टनकपुर में 14.25 करोड़ रुपये से बनेगा मीडिया सेंटर, पत्रकारों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
चंपावत को कीवी हब बनाने की तैयारी कीवी महोत्सव का हुआ आयोजन
लोहाघाट की बेटी आस्तिका पाण्डेय का वैज्ञानिक पद पर चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर