November 3, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

टनकपुर में 14.25 करोड़ रुपये से बनेगा मीडिया सेंटर, पत्रकारों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

Dukan Ad
Dukan Ad

टनकपुर में 14.25 करोड़ रुपये से बनेगा मीडिया सेंटर, पत्रकारों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

मीडिया गतिविधियों के लिए विकसित होगा आधुनिक आधारभूत ढांचा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति जताया आभार

चम्पावत, 3 नवंबर। आदर्श चम्पावत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में टनकपुर में पत्रकारों के लिए मीडिया सेंटर का निर्माण शुरू हो गया है। करीब 14.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह मीडिया सेंटर जनपद में पत्रकारिता से जुड़ी गतिविधियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बुधवार को भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य शुरू होगा जिला पत्रकार संगठन और समस्त पत्रकारों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है।

मीडिया सेंटर के निर्माण से पत्रकारों को समाचार संकलन, सूचनाओं के आदान-प्रदान और अन्य मीडिया गतिविधियों के संचालन के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। साथ ही पत्रकारों को आपसी संवाद, विचार-विमर्श और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए भी बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
जनपद की विकास योजनाओं, सरकारी कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में मीडिया सेंटर बनने से प्रशासन और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा सूचनाओं के त्वरित एवं प्रभावी आदान-प्रदान में भी मदद मिलेगी।
परियोजना का निर्माण प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग की ओर से कराया जा रहा है। मीडिया सेंटर के तैयार होने से टनकपुर सहित पूरे जनपद के पत्रकारों को मीडिया संबंधी गतिविधियों के लिए स्थायी आधारभूत सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इसे जनपद में पत्रकारिता के लिए सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

शेयर करे