देवीधुरा मेले की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने दिए चाक-चौबंद व्यवस्था के निर्देश
चम्पावत, 5 अगस्त। ऐतिहासिक माँ बाराही धाम देवीधुरा मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 23 अगस्त से 4 सितंबर तक आयोजित होने वाले मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुव्यवस्थित आयोजन को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सभी विभागों को समय रहते व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि मेले में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था को लेकर एआरटीओ और पुलिस विभाग को ट्रैफिक प्लान तैयार करने, पार्किंग स्थलों का चिन्हीकरण, डायवर्जन योजना लागू करने, बैरिकेडिंग और दिशा संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर पंचायत को साफ-सफाई, अस्थायी शौचालय और कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जल संस्थान को शुद्ध पेयजल, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, जबकि लोक निर्माण विभाग को संपर्क मार्गों की मरम्मत और पैदल मार्ग सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को अतिरिक्त चिकित्सकों की तैनाती, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार केंद्र और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। आबकारी विभाग को एल्कोमीटर से जांच अभियान चलाने तथा आपूर्ति विभाग को आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी, उपजिलाधिकारी नीतू डागर समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, मेला समिति के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

More Stories
बालेश्वर मंदिर में नंदा-सुनंदा महोत्सव का भव्य शुभारंभ कलश यात्रा और झांकियों ने बांधा समां, स्कूली बच्चों ने दिखाई उत्तराखंड की संस्कृति की झलक
विधायक के कमीशन के आरोपों को ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संगठन ने खारिज किया
NPS-UPS के विरोध में कर्मचारियों ने किया पेंशन उपवास, OPS बहाली की उठाई मांग