November 5, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

14.25 करोड़ के मीडिया सेंटर के भूमि पूजन में पत्रकारों से अधिक दिखे जनप्रतिनिधि

Dukan Ad
Dukan Ad

14.25 करोड़ के मीडिया सेंटर के भूमि पूजन में पत्रकारों से अधिक दिखे जनप्रतिनिधि

टनकपुर में मुख्यमंत्री की घोषणा पर शुरू हुआ निर्माण कार्य, एक साल में पूरा करने का लक्ष्य; कार्यक्रम में पत्रकारों से अधिक दिखे जनप्रतिनिधि

चम्पावत। टनकपुर में 14 करोड़ 25 लाख 52 हजार रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक मीडिया सेंटर और गेस्ट हाउस का बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी योजना से क्षेत्र के पत्रकारों को आधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। हालांकि, कार्यक्रम में पत्रकारों की अपेक्षा जनप्रतिनिधियों की अधिक मौजूदगी और आयोजन की जानकारी देर से मिलने को लेकर पत्रकारों में नाराजगी भी देखने को मिली।

कुछ पत्रकारों ने आयोजन को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस मीडिया सेंटर का निर्माण पत्रकारों की वर्षों पुरानी मांग पर हो रहा है, उसी के भूमि पूजन कार्यक्रम की जानकारी पत्रकारों को समय से नहीं दी गई। कार्यक्रम के दौरान मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समर्थन में नारे भी लगवाए गए। इस पर कुछ पत्रकारों ने नारे लगाए, जबकि आयोजन में पत्रकारों की भूमिका और उनकी भागीदारी को लेकर भी चर्चा होती रही।

एक साल में पूरा होगा निर्माण

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल ने बताया कि परियोजना के निर्माण के लिए एक वर्ष की समयसीमा निर्धारित की गई है। विभाग का प्रयास है कि निर्धारित समय से पहले ही निर्माण कार्य पूरा कर भवन का लोकार्पण कराया जाए।

उन्होंने बताया कि भवन के भूतल पर पार्किंग और दो कम्युनिटी हॉल बनाए जाएंगे। प्रथम तल पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त मीडिया सेंटर विकसित किया जाएगा। वहीं, ऊपरी दो मंजिलों पर वीआईपी गेस्ट हाउस बनाया जाएगा, जिसमें चार सुइट और दो सामान्य गेस्ट हाउस की व्यवस्था होगी।

पत्रकारों की पुरानी मांग होगी पूरी

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चम्पावत आदर्श चम्पावत की परिकल्पना की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। टनकपुर में मीडिया सेंटर का निर्माण पत्रकारों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे टनकपुर सहित आसपास के क्षेत्रों और पर्वतीय इलाकों में समाचार संकलन एवं कवरेज में सुविधा मिलेगी।

मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी ने कहा कि प्रदेश सरकार मीडिया की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त मीडिया सेंटर का निर्माण करा रही है। इससे पत्रकारों को बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध होगा।

कार्यक्रम में मौजूद कुछ पत्रकारों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि मीडिया सेंटर बनने से सरकार, मीडिया और आम जनता के बीच संवाद एवं समन्वय को मजबूती मिलेगी। वहीं, पत्रकारों ने निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा करने की अपेक्षा जताई।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष बनबसा रेखा देवी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, मंडल अध्यक्ष टनकपुर तुलसी कुंवर, मंडल अध्यक्ष बनबसा कमलेश भट्ट, अपर जिला सूचना अधिकारी आशा गोस्वामी, जिला पत्रकार संगठन के अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली, महामंत्री गिरीश बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

शेयर करे