गुलदार ने घर के पास से खींचकर 13 वर्षीय किशोर को मार डाला
… लोहाघाट के सुई डुंगरी गांव में हुई दर्दनाक घटना, करीब 40 मीटर दूर खेतों में मिला शव
### इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम, ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ जताया आक्रोश
चंपावत/लोहाघाट। लोहाघाट क्षेत्र के सुई डुंगरी गांव में गुलदार ने घर के पास से एक तेरह वर्षीय किशोर पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। गुलदार किशोर को घर से करीब चालीस मीटर दूर तक घसीट ले गया। करीब तीन घंटे बाद उसका शव घर से कुछ दूरी पर खेतों में मिला। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति गहरा आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, चार नवंबर की शाम करीब साढ़े छह बजे सुई डुंगरी गांव निवासी हिमांशु पुजारी (तेरह) पुत्र गंगादत्त पुजारी मेला देखकर घर लौट रहा था। इसी दौरान घर से करीब चालीस मीटर की दूरी पर घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया और उसे खींचकर झाड़ियों की ओर ले गया। काफी देर तक हिमांशु के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की। करीब रात साढ़े नौ बजे हिमांशु का शव घर से लगभग चालीस मीटर दूर खेतों में मिला।
परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही किशोर की मौत हो गई। गुलदार ने हिमांशु के पेट और जांघ को बुरी तरह जख्मी कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हिमांशु सातवीं कक्षा में पढ़ता था और दो बहनों का इकलौता भाई था। बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
**पहले भी गांव के आसपास दिखाई दे रहा था गुलदार**
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गुलदार गांव के आसपास दिखाई दे रहा था। इसकी सूचना वन विभाग को भी दी गई थी। ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की थी, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। घटना के बाद अस्पताल पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मारने की मांग उठाई है।
**डीएम ने दिए पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने के निर्देश**
घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और क्षेत्र में वन विभाग की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम अस्पताल से वन विभाग के अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी ने भी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए वन विभाग को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए जाने की बात कही।
सामाजिक कार्यकर्ता सचिन जोशी ने भी गुलदार को पकड़ने के साथ पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है। घटना के बाद से सुई डुंगरी सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तत्काल सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
: #Champawat #Lohaghat #GuldarAttack #SuiDungri #UttarakhandNews #HumanWildlifeConflict #DMChampawat #ForestDepartment #ChampawatLive

More Stories
14.25 करोड़ के मीडिया सेंटर के भूमि पूजन में पत्रकारों से अधिक दिखे जनप्रतिनिधि
चम्पावत में अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
12 दिसंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, सुलह-समझौते से होंगे मामलों का निस्तारण