November 5, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश

Dukan Ad
Dukan Ad

राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए निर्देश

नौ नवंबर को आयोजित होंगे कार्यक्रम, विभागीय शिविरों के माध्यम से आमजन को दी जाएगी सरकारी योजनाओं की जानकारी

सांस्कृतिक कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश

चम्पावत। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नौ नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बुधवार को जिला सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने आयोजन की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों की ओर से शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही योजनाओं के लाभ, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया जाए, ताकि पात्र लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।

बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रमों की रूपरेखा समय से तैयार करने तथा आपसी समन्वय के साथ उनका संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें और कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर लें।

बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्तिकीर्ति तिवारी, जल निगम के अधिशासी अभियंता अशोक स्वरूप, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आरपी डोभाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता विभोर गुप्ता और यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर अंकित आर्या सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

शेयर करे