गुलदार के हमले में किशोर की मौत, शोकाकुल परिवार को वन विभाग ने दी 10 लाख की सहायता
सुई डुंगरी गांव में घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, गुलदार की निगरानी के लिए पिंजरा और ट्रैप कैमरे लगाए*
चम्पावत। लोहाघाट विकासखंड के सुई डुंगरी गांव में गुलदार के हमले में 13 वर्षीय किशोर की मौत के बाद प्रशासन और वन विभाग ने प्रभावित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की है। गुरुवार को प्रभागीय वनाधिकारी ढीनो पुरुषोत्तम और उपजिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान वन विभाग की ओर से परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि तत्काल प्रदान की गई।
गौरतलब है कि चार नवंबर को सुई डुंगरी गांव में गुलदार के हमले में किशोर की मौत हो गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों के हमलों की रोकथाम और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।
प्रभागीय वनाधिकारी ढीनो पुरुषोत्तम ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा स्थापित कर दिया गया है। साथ ही उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं और ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। वन विभाग के विशेष कर्मचारियों को क्षेत्र में तैनात किया गया है। शाम के समय गश्त बढ़ाने के साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और विशेषकर शाम व रात के समय अकेले घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी सुनील कुमार, ग्राम प्रधान सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

More Stories
गुलदार ने घर के पास से खींचकर 13 वर्षीय किशोर को मार डाला
14.25 करोड़ के मीडिया सेंटर के भूमि पूजन में पत्रकारों से अधिक दिखे जनप्रतिनिधि
चम्पावत में अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को मिलेगा प्रशिक्षण