September 20, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

बनबसा में सैनिक स्मारक का निर्माण अंतिम चरण में, 62 शहीदों के नाम होंगे अंकित

Dukan Ad
Dukan Ad

बनबसा में सैनिक स्मारक का निर्माण अंतिम चरण में, 62 शहीदों के नाम होंगे अंकित

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत बनबसा में 37.82 लाख रुपये की लागत से बन रहे सैनिक स्मारक का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। प्रशासन की ओर से निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है और अब तक करीब 99 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

बुधवार को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (सेवानिवृत्त) ने कैप्टन भानी चन्द (सेवानिवृत्त) तथा नगर पंचायत बनबसा के जूनियर इंजीनियर प्रकाश चंद के साथ निर्माणाधीन स्मारक का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बताया गया कि अब केवल जनपद के वीर शहीदों के नाम स्मारक पर अंकित किए जाने का कार्य शेष है।

इसके लिए चम्पावत जनपद के 62 शहीदों की प्रमाणित सूची नगर पंचायत बनबसा को उपलब्ध करा दी गई है। अधिकारियों के अनुसार नाम अंकित करने का कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।

कर्नल उमेद सिंह ने कहा कि सैनिक स्मारक उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ तैयार किया जा रहा है और यह वीर शहीदों के साहस, बलिदान और राष्ट्रसेवा का प्रतीक बनेगा। उन्होंने कहा कि यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जल्द ही सैनिक स्मारक को जनसामान्य के लिए समर्पित किया जा सके। यह स्मारक जनपद के वीर शहीदों की अमर गाथाओं को सदैव जीवंत रखने का माध्यम बनेगा।

शेयर करे