October 28, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

दीपावली से पहले लोहाघाट में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, छह नमूने जांच को भेजे

Dukan Ad
Dukan Ad

दीपावली से पहले लोहाघाट में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, छह नमूने जांच को भेजे

मिठाई, सूजी और रिफाइंड ऑयल के नमूने लिए; दुकानदारों को साफ-सफाई और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश

लोहाघाट। दीपावली के त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोहाघाट में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न जनरल स्टोर, बेकरी और मिष्ठान भंडारों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। अभियान के दौरान मिठाइयों, सूजी और रिफाइंड ऑयल समेत छह नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा उत्तराखंड और जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगिता तिवारी ने प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान बेकरी उत्पादों और मिठाइयों पर निर्माण तिथि तथा एक्सपायरी डेट अंकित होने की जांच की गई। कुछ प्रतिष्ठानों में यह विवरण अंकित नहीं मिला। इस पर संबंधित दुकानदारों को एक से दो दिन के भीतर आवश्यक जानकारी प्रदर्शित करने वाली पर्चियां लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही उन्हें खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक भी किया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के लाइसेंस की वैधता और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता भी परखी गई। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को त्योहार के दौरान गुणवत्तापूर्ण सामग्री ही बेचने, ताजा एवं स्वच्छ खाद्य पदार्थ तैयार करने और एक्सपायरी डेट वाली सामग्री की खरीद-बिक्री से बचने के निर्देश दिए।

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला से नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया कि आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ रोकने और त्योहार के दौरान सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।

निरीक्षण अभियान में सहायक दिनेश फर्त्याल भी शामिल रहे।

शेयर करे