एनएच-09 पर बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकराई, तीन युवक गंभीर घायल
चम्पावत। टनकपुर-पूर्णागिरि मार्ग पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एनएच-09 पर स्वाला (सुखीढांग) के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दीवार से टकरा गई।
Bजिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना शाम 7:18 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने तीनों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान जतिन (22 वर्ष) पुत्र रमेश राम, आयुष कुमार (17 वर्ष) पुत्र मोहन राम तथा रोहित कुमार (20 वर्ष) पुत्र ईश्वर राम निवासी चंदनी, थाना बनबसा के रूप में हुई है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने बताया कि घटना की सूचना राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून सहित संबंधित अधिकारियों को भी भेज दी गई है। हादसे में किसी की मृत्यु नहीं हुई है।

More Stories
विधायक के कमीशन के आरोपों को ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संगठन ने खारिज किया
NPS-UPS के विरोध में कर्मचारियों ने किया पेंशन उपवास, OPS बहाली की उठाई मांग
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का शाल ओढ़ाकर किया स्वागत