October 25, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

गड़कोट के भेंट घाट में निःशुल्क पुस्तकालय का शुभारंभ युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की पहल

Dukan Ad
Dukan Ad

गड़कोट के भेंट घाट में निःशुल्क पुस्तकालय का शुभारंभ

युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की पहल

चंपावत, 25 अक्टूबर। जिले की गड़कोट ग्रामसभा के भेंट घाट में जिए पहाड़ समिति और Untold Stories of Kumaon की संयुक्त पहल पर ‘सप्तेश्वर नागरिक निःशुल्क पुस्तकालय’ का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण बच्चों और युवाओं में पढ़ने की रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।

पुस्तकालय का शुभारंभ युवा जमुना गिरी महाराज ने रिबन काटकर किया। इसके बाद सप्तेश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश चंद गड़कोटी और कोषाध्यक्ष प्रकाश चंद इजरवाल ने दीप प्रज्ज्वलित किया।

पुस्तकालय की स्थापना में ग्रामीणों और स्थानीय युवाओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। डॉ. विनोद जोशी ने अपने पिता स्वर्गीय पंडित मोतीराम जोशी की स्मृति में सहयोग प्रदान किया, जबकि सप्तेश्वर चैरिटेबल ट्रस्ट ने पुस्तकालय के लिए स्थान उपलब्ध कराया।

जिए पहाड़ समिति के जिला समन्वयक अनिल चौधरी ‘पिंकी’ ने बताया कि पुस्तकालय के माध्यम से बच्चों और युवाओं को नशे से दूर रखकर पढ़ाई के प्रति प्रेरित करने का प्रयास किया जाएगा। यह पुस्तकालय केवल पुस्तकों के अध्ययन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं को विचार साझा करने, संवाद करने और गांव के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने का मंच भी उपलब्ध कराएगा।

वहीं, Untold Stories of Kumaon के माध्यम से कुमाऊं के गांवों की अनसुनी कहानियों, स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और लोकज्ञान को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि यह पुस्तकालय ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा, जागरूकता और सकारात्मक बदलाव का केंद्र बनेगा।

#Champawat #Garhkot #BhentGhat #FreeLibrary #JiyePahad #UntoldStoriesOfKumaon #शिक्षा #पुस्तकालय #युवा_शक्ति #नशामुक्ति

शेयर करे