October 27, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

वन दरोगा से मारपीट पर फूटा कर्मचारियों का गुस्सा, तीन दिन में गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

Dukan Ad
Dukan Ad

वन दरोगा से मारपीट पर फूटा कर्मचारियों का गुस्सा, तीन दिन में गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
चम्पावत। वन दरोगा के साथ कथित मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने और सरकारी संसाधनों की लूट की घटना को लेकर सहायक वन कर्मचारी संघ ने कड़ा आक्रोश जताया है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे।
शनिवार को प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय चम्पावत में आयोजित सहायक वन कर्मचारी संघ, जनपद शाखा की बैठक में 22 जुलाई 2026 को वन दरोगा पवन सिंह माहरा के साथ हुई कथित मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने तथा मोबाइल, सरकारी संसाधन और अन्य सामान लूटे जाने की घटना की कड़ी निंदा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि घटना के संबंध में थाना पाटी में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद 48 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही लूटा गया सामान बरामद किया गया है। इससे वन विभाग के कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो वन विभाग के सभी संवर्गों के अधिकारी और कर्मचारी संयुक्त रूप से थाना पाटी में धरना-प्रदर्शन करेंगे तथा चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके लिए अन्य कर्मचारी संगठनों से भी समर्थन की अपील की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष रेखाधर जोशी ने की, जबकि संचालन महामंत्री मोहन पाण्डेय ने किया। बैठक में वन क्षेत्राधिकारी संघ, उप वन क्षेत्राधिकारी संघ, वन बीट अधिकारी संघ, फॉरेस्ट मिनिस्ट्रियल संघ सहित चम्पावत वन प्रभाग के विभिन्न वन क्षेत्रों एवं प्रभागीय कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


#Champawat #ForestDepartment #VanDaroga #PatiPolice #ForestEmployees #UttarakhandNews #ChampawatLive

शेयर करे