बनबसा में 198 पैकेट व बोतल अवैध शराब बरामद, एक गिरफ्तार
गड़ीगोठ जाने वाले निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली सफलता
बनबसा (चम्पावत)। अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनबसा पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 198 पैकेट व बोतल अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश और क्षेत्राधिकारी चम्पावत के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध शराब व मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 26 अक्टूबर को थानाध्यक्ष बनबसा के नेतृत्व में पुलिस टीम गड़ीगोठ जाने वाले निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे कच्चे रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति के कब्जे से 48 टेट्रा पैक देसी मसालेदार शराब और 300 मिलीलीटर की 150 बोतल कर्णाली नेपाली मार्का शराब बरामद की।
पुलिस ने आरोपित संजीव पुत्र हर प्रसाद, निवासी वार्ड नंबर सात, बैंक ऑफ बड़ौदा के पीछे, खटीमा, जिला ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ थाना बनबसा में मुकदमा संख्या 88/2026 के तहत धारा 60 आबकारी अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक धीरेंद्र सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल नईम कुरैशी और कांस्टेबल पंकज सिंह शामिल रहे।
चम्पावत पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रखने की बात कही है।

More Stories
विधानसभा चुनाव 2027: चम्पावत में ईवीएम-वीवीपैट की जांच जारी
गहतोड़ा गांव की सड़क के डामरीकरण का रास्ता साफ, वन भूमि को मिली सैद्धांतिक मंजूरी
बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश