October 26, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

गहतोड़ा गांव की सड़क के डामरीकरण का रास्ता साफ, वन भूमि को मिली सैद्धांतिक मंजूरी

Dukan Ad
Dukan Ad

गहतोड़ा गांव की सड़क के डामरीकरण का रास्ता साफ, वन भूमि को मिली सैद्धांतिक मंजूरी

1.2075 हेक्टेयर आरक्षित वन भूमि के उपयोग को केंद्र की हरी झंडी, सड़क के सुधारीकरण से ग्रामीणों को मिलेगी राहत

चम्पावत। गहतोड़ा गांव की सड़क के डामरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। फटकशिला क्षेत्र में सड़क सुधार कार्य के लिए 1.2075 हेक्टेयर आरक्षित वन भूमि के गैर-वानिकी उपयोग को केंद्र सरकार ने सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।

भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय, देहरादून ने 26 अक्टूबर को चम्पावत वन प्रभाग के अंतर्गत ग्रामीण निर्माण विभाग के पक्ष में निर्धारित शर्तों के अधीन यह स्वीकृति प्रदान की है। शर्तों का अनुपालन पूरा होने के बाद अंतिम स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

सड़क का डामरीकरण और सुदृढ़ीकरण होने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों को शिक्षण संस्थानों, स्वास्थ्य सेवाओं तथा बाजार तक पहुंचने में राहत मिलेगी। परियोजना के तहत पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए पौधारोपण, ढलानों की सुरक्षा, जल निकासी और मलबे के उचित निस्तारण की व्यवस्था करनी होगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसमस्याओं के समाधान और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयासों के क्रम में इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

शेयर करे