उरेडा के परियोजना अधिकारी 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
बागेश्वर। उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने बागेश्वर में उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) के परियोजना अधिकारी को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सोलर प्लांटों की संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट (JIR) से संबंधित लंबित फाइलों के निस्तारण के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, शिकायतकर्ता ने टोल फ्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उरेडा कार्यालय में उसके सोलर प्लांटों की संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट (JIR) लंबे समय से लंबित है। आरोप है कि परियोजना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह पटवाल प्रत्येक फाइल के निस्तारण के लिए 10 से 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। शिकायतकर्ता की चार फाइलें लंबित होने के कारण आरोपी ने कुल 40 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया। शुक्रवार को विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए उरेडा, बागेश्वर के परियोजना अधिकारी धीरेन्द्र सिंह पटवाल को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी धीरेन्द्र सिंह पटवाल, स्वर्गीय उदय सिंह पटवाल के पुत्र हैं और मूल रूप से राजनगर, पीरूमदारा, रामनगर (जनपद नैनीताल) के निवासी हैं। वर्तमान में वह उरेडा, बागेश्वर में परियोजना अधिकारी के पद पर तैनात थे। मामले में सतर्कता अधिष्ठान द्वारा अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।
सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने आमजन से भ्रष्टाचार के मामलों की सूचना सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर देकर भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है।

More Stories
विधायक के कमीशन के आरोपों को ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संगठन ने खारिज किया
NPS-UPS के विरोध में कर्मचारियों ने किया पेंशन उपवास, OPS बहाली की उठाई मांग
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का शाल ओढ़ाकर किया स्वागत