लाइक और व्यूज की चाह में अस्पताल को भी नहीं छोड़ा, ओपीडी में डांस की रील वायरल
लोगों की मनाही के बावजूद वीडियो बनाने का आरोप, मरीजों की परेशानी और निजता पर उठे सवाल
चम्पावत। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज बटोरने की होड़ में कुछ युवा सार्वजनिक स्थलों की मर्यादा भी भूल रहे हैं। चम्पावत जिला चिकित्सालय के वेटिंग एरिया में एक युवक के डांस की रील बनाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। आरोप है कि लोगों के मना करने के बावजूद युवक ने वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
जिला चिकित्सालय में लोग बीमारी और दर्द से राहत पाने की उम्मीद लेकर पहुंचते हैं। कोई उपचार के लिए अपनी बारी का इंतजार करता है तो कोई बीमार परिजन की चिंता में बैठा रहता है। ऐसे संवेदनशील माहौल में डांस की रील बनाने की घटना ने सोशल मीडिया के लिए कंटेंट तैयार करने के नाम पर सार्वजनिक स्थलों की मर्यादा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहले सड़क पर रील, अब अस्पताल में
इससे पहले लोहाघाट-चम्पावत क्षेत्र में सड़क के बीच रील बनाने का वीडियो भी वायरल हो चुका है। अब अस्पताल परिसर में इस तरह का वीडियो सामने आने से सवाल उठ रहा है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की चाह में आखिर लोग कहां और किस तरह की गतिविधियां कर रहे हैं।
रील बनाना अपने आप में गलत नहीं है, लेकिन स्थान और परिस्थितियों का ध्यान रखना भी जरूरी है। लाइक और व्यूज की चाह में यदि दूसरों की परेशानी और संवेदनशीलता को नजरअंदाज किया जाए तो यह सामाजिक जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। ऐसे मामलों में अस्पताल प्रशासन की ओर से भी परिसर की गरिमा और मरीजों की निजता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने की जरूरत है।
वहीं पुलिस और जिला अस्पताल प्रबंधन ने उचित कार्यवाही की बात कही है।

More Stories
बीके सामंत की आवाज में ‘मनैकि पीड़’ ने छुआ दिल, पहाड़ की लोकसंस्कृति को मिला नया अंदाज
चूका में पिकअप से 40 बकरियां बरामद, नेपाल से अवैध रूप से लाए जाने का आरोप
मिनिस्ट्रीयल कार्मिकों का धरना दूसरे दिन भी जारी, मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी