October 23, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

35 लाख की स्मैक के साथ बरेली का तस्कर गिरफ्तार

Dukan Ad
Dukan Ad

35 लाख की स्मैक के साथ बरेली का तस्कर गिरफ्तार

टनकपुर के बिचई–मनिहारगोठ क्षेत्र में एसओजी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 114 ग्राम हेरोइन बरामद

चम्पावत। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 114 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ बरेली निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ड्रग्स फ्री उत्तराखंड अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 22 अक्टूबर को एसओजी चम्पावत और टनकपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन टनकपुर के निकट बिचई–मनिहारगोठ क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 114 ग्राम स्मैक, एक ओप्पो मोबाइल फोन और 250 रुपये नकद बरामद हुए।

पूछताछ में सामने आए नाम

गिरफ्तार आरोपित की पहचान इस्लाम अंसारी पुत्र अब्दुल अंसारी, निवासी एजाजनगर, सैटेलाइट के पास, थाना बारादरी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसे मीरगंज, बरेली निवासी दानिश अली और उसकी पत्नी निशि खान ने स्मैक टनकपुर में एक व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए दी थी। आरोपित ने बताया कि वह दंपति के कुरियर से संबंधित सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का काम करता है।

पुलिस अब मादक पदार्थों की आपूर्ति से जुड़े संभावित नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की पुष्टि विवेचना के दौरान की जाएगी। कोतवाली टनकपुर में आरोपित के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

इनकी रही कार्रवाई में भूमिका

संयुक्त टीम में टनकपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चेतन रावत, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट, उपनिरीक्षक कुशल नगरकोटी, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, तपेंद्र जोशी और नासिर हुसैन तथा कांस्टेबल उमेश राज, कुलदीप सिंह और सूरज कुमार शामिल रहे।

पुलिस की अपील: चम्पावत पुलिस ने आमजन से नशे की तस्करी या अवैध कारोबार से संबंधित सूचना पुलिस अथवा मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर देने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

शेयर करे