June 21, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

21 जून तक सीमित न रखें, योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं : मुख्यमंत्री धामी

21 जून तक सीमित न रखें, योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं : मुख्यमंत्री धामी
बनबसा। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बनबसा मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोगों से योग को केवल 21 जून तक सीमित न रखकर अपनी नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि मन, चित्त और आत्मा को भी स्वस्थ बनाता है, जिससे व्यक्ति के सभी कार्य बेहतर होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामूहिक योगाभ्यास से उन्हें नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में हरिद्वार, जागेश्वर धाम, ऋषिकेश, आदि कैलाश और गैरसैंण में योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें देश-विदेश के प्रतिनिधियों, सेना के जवानों और हजारों लोगों ने सहभागिता की।
उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली की आधारशिला है और यह किसी एक वर्ग या आयु समूह तक सीमित नहीं, बल्कि हर व्यक्ति के लिए समान रूप से उपयोगी है। योग चंचल मन को नियंत्रित कर विचारों को सकारात्मक दिशा देता है तथा मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। आधुनिक जीवनशैली से उत्पन्न समस्याओं के समाधान के लिए योग और प्राणायाम अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग ने जाति, धर्म और सीमाओं से ऊपर उठकर पूरी दुनिया को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री द्वारा संयुक्त राष्ट्र में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित करने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे 177 देशों का समर्थन मिला और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में योग अपनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को वैश्विक योग एवं वेलनेस राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसके लिए योग एवं वेलनेस केंद्रों की स्थापना पर अधिकतम 20 लाख रुपये तक की सब्सिडी भी प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि स्वस्थ युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। उन्होंने सभी लोगों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे स्वयं योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, योग प्रशिक्षक और योग साधक उपस्थित रहे।

शेयर करे