June 20, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

युवा शक्ति ही विकसित भारत और सशक्त उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री धामी

युवा शक्ति ही विकसित भारत और सशक्त उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री धामी
टनकपुर में युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री, युवाओं के सवालों के दिए जवाब
चम्पावत संवाददाता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान टनकपुर पहुंचकर युवाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और सशक्त उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत है और प्रदेश सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।
टनकपुर स्थित मिलन वाटिका में शिवम फाउंडेशन की ओर से आयोजित ‘युवा संवाद कार्यक्रम’ में मुख्यमंत्री ने शिक्षा, रोजगार, विज्ञान, खेल, पर्यटन, महिला सशक्तिकरण, नशामुक्ति और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था जैसे विषयों पर युवाओं के सवालों के जवाब दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। चम्पावत में साइंस सेंटर और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिससे युवाओं को नए अवसर मिलेंगे।
सीमांत क्षेत्रों से पलायन और रोजगार के सवाल पर उन्होंने कहा कि पुस्तकालय, ज्ञानसेतु केंद्र, ओपन जिम, बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा रहे हैं।
नशा मुक्ति के विषय पर मुख्यमंत्री ने युवाओं से ‘ड्रग फ्री देवभूमि मिशन’ के ब्रांड एंबेसडर बनने का आह्वान किया। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और मेट्रो मैन ई. श्रीधरन के उदाहरण देकर युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।
महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2.75 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। नंदा गौरा योजना सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
नकल विरोधी कानून पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त कानून लागू होने के बाद 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा जा चुका है। अब प्रतियोगी परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से आयोजित हो रही हैं तथा चयन का आधार केवल योग्यता और प्रतिभा है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं और उनके अभिभावकों को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, दर्जा मंत्री मुकेश महाराना,हेमा जोशी, श्याम नारायण पांडे, सुभाष बगौली, कैलाश अधिकारी, शिवम फाउंडेशन के अध्यक्ष शशांक गोयल, भाजपा महामंत्री मुकेश कलखुड़िया समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

शेयर करे