धूरा बयाला के तरुण बोहरा का एनडीए में चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर
चंपावत। जनपद चंपावत के धूरा-सुखीढांग क्षेत्र के ग्राम पंचायत धूरा बयाला निवासी होनहार युवा तरुण सिंह बोहरा का चयन राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में होने पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। तरुण आगे चलकर भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर देश की सेवा करेंगे।
तरुण सिंह बोहरा रतन सिंह बोहरा एवं संगीता बोहरा के पुत्र हैं। उनके पिता रतन सिंह बोहरा ने बताया कि तरुण ने बचपन से ही भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनने का लक्ष्य तय कर लिया था और अब उसका पहला महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल कर लिया है।
तरुण ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा हल्द्वानी से प्राप्त की। इसके बाद उनका चयन कक्षा छह में सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में हुआ। इसी वर्ष उन्होंने इंटरमीडिएट की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की और पहले ही प्रयास में एनडीए परीक्षा पास कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
तरुण की इस उपलब्धि से पूरे तल्ला पाल विलौन क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। उनके पिता रतन सिंह बोहरा एलटी विज्ञान शिक्षक के पद से मार्च माह में सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि उनकी माता संगीता बोहरा गृहिणी हैं। वर्तमान में परिवार हल्द्वानी-काठगोदाम में निवास करता है।
तरुण के एनडीए में चयन पर ब्यानधुरा मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष पंडित शंकर जोशी, ग्राम प्रधान सरस्वती राना, क्षेत्र पंचायत सदस्य कुसुम बोहरा, महेंद्र सिंह राना, बहादुर सिंह बोहरा, नरेंद्र सिंह बोहरा, महेश चौड़ाकोटी सहित क्षेत्र के अनेक लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

More Stories
एनयूजे महासम्मेलन में पत्रकार हितों पर मंथन, आर्थिक सहायता समेत कई प्रस्ताव पारित
गुरु रविदास जयंती वर्ष पर जिलेभर में होंगे समरसता के कार्यक्रम, दीपोत्सव से संवाद यात्रा तक की रूपरेखा तैयार
दूधपोखरा के गिरी एप्पल गार्डन में शुरू हुई सेब की तुड़ाई, पर्यटकों को मिलेगा खुद से सेब तोड़ने का मौका