September 15, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 22 पुलिसकर्मी सम्मानित, अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने दिए सख्त निर्देश

Dukan Ad
Dukan Ad

अपराधियों पर शिकंजा कसने के निर्देश, जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता; एसपी रेखा यादव ने की मासिक अपराध समीक्षा बैठक

चम्पावत। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और जनविश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने मंगलवार को पुलिस लाइन चम्पावत में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में सभी प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों और शाखा प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, साइबर अपराधों के त्वरित निस्तारण और जनसुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान पिछले माह दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए उनकी प्रगति का मूल्यांकन किया गया। साथ ही पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की व्यक्तिगत, पारिवारिक तथा सेवा संबंधी समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्य को मई-2026 का ‘बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ घोषित किया गया। इसके अलावा सराहनीय सेवाएं देने वाले 21 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इन बिंदुओं पर विशेष जोर

एसपी रेखा यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहगीर योजना के प्रति आमजन में व्यापक जागरूकता फैलाई जाए, ताकि लोग योजना के उद्देश्य और लाभों से परिचित हो सकें। वहीं ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान अथवा पुलिस वर्दी में कोई भी अधिकारी या कर्मचारी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करेगा।

प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत प्राप्त टीएमएस (TMS) अनुरोधों का समयबद्ध सत्यापन करने, लंबित गैर जमानती एवं जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील कराने तथा वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा ‘नेट ग्रिप’ अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच, एफएसएल में लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण, ई-बीट बुक और ई-बीट एप का अनिवार्य उपयोग, किरायेदार सत्यापन अभियान में तेजी, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

साइबर अपराधों के त्वरित निस्तारण पर जोर

बैठक में साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों के त्वरित पंजीकरण, विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण और सभी ऑनलाइन पोर्टलों पर शत-प्रतिशत कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।
एसपी रेखा यादव ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूर्ण निष्ठा, अनुशासन और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

शेयर करे