पूर्णागिरि दर्शन से लौटी 15 वर्षीय नाबालिक ने दिया मृत शिशु को जन्म, जीरो एफआईआर दर्ज
चंपावत/टनकपुर। मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन कर परिजनों के साथ लौट रही एक 15 वर्षीय किशोरी ने उप जिला अस्पताल टनकपुर में एक अविकसित शिशु को जन्म दिया। जन्म के तुरंत बाद शिशु की मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया क्षेत्र से किशोरी अपने चाचा और चाची के साथ मां पूर्णागिरि के दर्शन करने आई थी। दर्शन कर लौटने के बाद किशोरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद मंगलवार 16 जून को उसे उप जिला अस्पताल टनकपुर लाया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान किशोरी ने लगभग छह माह के अविकसित शिशु को जन्म दिया। चिकित्सकों के अनुसार शिशु का विकास पूर्ण नहीं हुआ था और जन्म के कुछ ही क्षणों बाद उसकी मृत्यु हो गई।
उप जिला अस्पताल की चिकित्सक डॉ. प्रभा जोशी ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की गई है। साथ ही डीएनए जांच के लिए नमूने भी सुरक्षित किए गए हैं।
अस्पताल प्रशासन की ओर से घटना की सूचना टनकपुर कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रारंभिक जांच के बाद मामला पीलीभीत जिले के संबंधित थाने को स्थानांतरित किया जा रहा है, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच संबंधित क्षेत्राधिकार की पुलिस करेगी और डीएनए रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
चम्पावत में लोक कल्याण मेले का आयोजन, पीएम स्वनिधि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
बनबसा में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, तैयारियों में जुटा प्रशासन
दुबड़ जैनल में गैस सिलेंडर वितरण नहीं होने पर ग्रामीणों में नाराजगी