चम्पावत। वन विभाग में 38 वर्ष तक निष्ठा और ईमानदारी से सेवाएं देने के बाद मोस्टा चौकी प्रभारी वन दरोगा करम सिंह बिष्ट शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति पर वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय में विभाग की ओर से भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वन क्षेत्राधिकारी बृज मोहन टम्टा ने की।
बृज मोहन टम्टा वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि करम सिंह बिष्ट ने वर्ष 1988 में वन रक्षक के पद से अपनी राजकीय सेवा शुरू की थी। अपनी कर्तव्यनिष्ठा और कार्यक्षमता के बल पर वह वन दरोगा के पद तक पहुंचे। सेवाकाल के दौरान उन्होंने अवैध कटान पर रोक लगाने, वनाग्नि सुरक्षा, वन्यजीव संरक्षण, वृक्षारोपण और विभागीय कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
डिप्टी रेंजर चतुर सिंह ने कहा कि बिष्ट एक कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी होने के साथ ही संवेदनशील समाजसेवी भी रहे हैं। उन्होंने सेवाकाल के दौरान गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हमेशा तत्परता दिखाई। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता और बच्चों की शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान सराहनीय रहा है।
इस अवसर पर करम सिंह बिष्ट ने कहा कि उन्होंने पिथौरागढ़ जनपद से अपनी राजकीय सेवा की शुरुआत की थी। इसके बाद चम्पावत की विभिन्न रेंजों में कार्य करने का अवसर मिला, जो उनके लिए गर्व की बात रही। उन्होंने कहा कि वर्दी भले ही आज उतर रही है, लेकिन जंगल, गरीबों और धर्म के प्रति सेवा का भाव जीवनभर बना रहेगा।
समारोह के अंत में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें शॉल, स्मृति चिह्न और पुष्पमाला भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।





More Stories
पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ योगेन्द्र सिंह रावत ने सुनीं समस्याएं, निष्ठा और अनुशासन से कार्य करने के दिए निर्देश
खेतीखान में रामयज्ञ के साथ रामलीला का भव्य समापन
विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन, नोडल अधिकारियों को दिए निर्देश