November 1, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

50 ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य, 60 दिन चलेगा जागरूकता अभियान

Dukan Ad
Dukan Ad

50 ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य, 60 दिन चलेगा जागरूकता अभियान

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश, विद्यालयों और महाविद्यालयों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम

चम्पावत, 31 अक्टूबर। जनपद में युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने और तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से अगले 60 दिनों तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले की 50 ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट टोबैको कंट्रोल सेल की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0’ के तहत आगामी 60 दिनों तक संचालित होने वाली गतिविधियों और विभागीय समन्वय को लेकर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से दी जाए। अभियान में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों, शिक्षकों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए, ताकि तंबाकू से दूर रहने का संदेश घर-घर तक पहुंचे।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, व्यापार मंडलों, टैक्सी एसोसिएशनों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही नेहरू युवा केंद्र, शिक्षा विभाग और पुलिस सहित अन्य विभागों को भी सक्रिय भूमिका निभाने तथा तंबाकू निषेध से जुड़े कानूनी प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पाण्डेय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक कोटपा अधिनियम-2003 के तहत 54 चालान किए जा चुके हैं। इनसे प्राप्त छह हजार रुपये की धनराशि राजकोष में जमा कराई गई है। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, नाबालिगों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री और तंबाकू उत्पादों के विज्ञापन पर प्रतिबंध संबंधी प्रावधानों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जा रही है।

**इन स्थानों पर होंगे जागरूकता कार्यक्रम**

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दो नवंबर को बीआरसी बाराकोट, तीन नवंबर को एएएम रायगांव एवं ग्राम पंचायत स्तर पर, चार नवंबर को राजकीय महाविद्यालय अमोड़ी, पांच नवंबर को राजकीय महाविद्यालय चम्पावत और छह नवंबर को आईटीआई चम्पावत में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।

इसके अलावा 12 नवंबर को आईटीआई खेतीखान, 17 नवंबर को एमबीएस विद्या मंदिर फुलारागांव, 19 नवंबर को हैप्पी वैली स्कूल चम्पावत, 25 नवंबर को ग्राम मुड़ियानी और 27 नवंबर को जिला पुस्तकालय में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी कार्यक्रम सुबह दस बजे से अपराह्न तीन बजे तक होंगे।

बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पाण्डेय, डॉ. मंजीत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तिकीर्ति तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

शेयर करे