विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन, नोडल अधिकारियों को दिए निर्देश
निर्वाचन संबंधी टीमों के गठन और कार्मिकों के प्रशिक्षण की तैयारी समय से पूरी करने को कहा
चम्पावत। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार ने शनिवार को नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी दायित्वों का अध्ययन कर निर्धारित समय पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए विभिन्न टीमों का गठन समय से किया जाए और कार्मिकों के प्रशिक्षण की रूपरेखा तैयार की जाए। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और रिटर्निंग ऑफिसर की हैंडबुक का अध्ययन करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मतदान दलों, एमसीएमसी, स्थैतिक निगरानी दलों (एसएसटी), कार्मिकों की उपलब्धता, वाहनों, खानपान और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए तैयारियां समयबद्ध पूरी करने को कहा।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी तैयारियों से अवगत कराने के लिए प्रत्येक सोमवार को बैठक आयोजित की जा रही है।
बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
खेतीखान में रामयज्ञ के साथ रामलीला का भव्य समापन
50 ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य, 60 दिन चलेगा जागरूकता अभियान
दीपावली पर पटाखों की अस्थायी दुकानें लगाने के लिए जारी हुए दिशा-निर्देश