October 31, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

तंबाकू मुक्त युवा अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर, 50 ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य

Dukan Ad
Dukan Ad

तंबाकू मुक्त युवा अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर, 50 ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विभागीय अधिकारियों को दिए जागरूकता गतिविधियां तेज करने के निर्देश, 60 दिनों तक चलेगा अभियान

चम्पावत, 31 अक्टूबर। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट टोबैको कंट्रोल सेल की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 60 दिनों तक संचालित होने वाले ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0’ की तैयारियों, विभागीय समन्वय और जनसहभागिता को लेकर चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ संकल्प एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से दी जाए। अभियान में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि तंबाकू के खिलाफ जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचे।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को सरकारी एवं निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, व्यापार मंडलों, टैक्सी एसोसिएशनों और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर जागरूकता गतिविधियां संचालित करने को कहा। उन्होंने नेहरू युवा केंद्र, शिक्षा विभाग, पुलिस सहित अन्य संबंधित विभागों को भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने तथा तंबाकू निषेध से जुड़े कानूनी प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पाण्डेय ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक कोटपा अधिनियम-2003 के तहत 54 चालान किए जा चुके हैं। इनसे प्राप्त छह हजार रुपये की धनराशि राजकोष में जमा कराई गई है। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान, नाबालिगों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री और तंबाकू विज्ञापन पर प्रतिबंध संबंधी प्रावधानों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में जनपद की 50 ग्राम पंचायतों को तंबाकू मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

इन स्थानों पर होंगे जागरूकता कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दो नवंबर को बीआरसी बाराकोट, तीन नवंबर को एएएम रायगांव एवं ग्राम पंचायत स्तर पर, चार नवंबर को राजकीय महाविद्यालय अमोड़ी, पांच नवंबर को राजकीय महाविद्यालय चम्पावत और छह नवंबर को आईटीआई चम्पावत में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके अलावा 12 नवंबर को आईटीआई खेतीखान, 17 नवंबर को एमबीएस विद्या मंदिर फुलारागांव, 19 नवंबर को हैप्पी वैली स्कूल चम्पावत, 25 नवंबर को ग्राम मुड़ियानी तथा 27 नवंबर को जिला पुस्तकालय में कार्यक्रम होंगे। सभी कार्यक्रम सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रजीत पाण्डेय, डॉ. मंजीत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दीप्तिकीर्ति तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

शेयर करे