July 31, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

बनबसा में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, तैयारियों में जुटा प्रशासन

बनबसा में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होगा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, तैयारियों में जुटा प्रशासन
संवाददाता चम्पावत । 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष स्पोर्ट्स स्टेडियम मैदान, बनबसा में भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मंगलवार को जिला सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसहभागिता का उत्सव है। इसके सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
पेयजल, सुरक्षा, पार्किंग और चिकित्सा व्यवस्थाओं पर विशेष जोर जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग और यातायात प्रबंधन की व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
साथ ही योग साधकों, अतिथियों और विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले प्रतिभागियों के लिए भोजन, आवास और परिवहन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
अधिक से अधिक जनभागीदारी पर रहेगा फोकस
बैठक में योग मैट, बैठने की व्यवस्था, साउंड सिस्टम, मंच और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों, महिला समूहों और आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि योग स्वस्थ जीवन का आधार है और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भारतीय संस्कृति एवं जीवनशैली का वैश्विक उत्सव बन चुका है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से 21 जून को बनबसा में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान, सहायक परियोजना निदेशक विमीय जोशी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) उमेद सिंह, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. प्रकाश सिंह, अधिशासी अधिकारी विद्युत विजय सरकारिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करे