June 15, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad

25 लाख श्रद्धालुओं ने किए मां पूर्णागिरि के दर्शन, औपचारिक रूप से संपन्न हुआ पूर्णागिरि मेला-2026

25 लाख श्रद्धालुओं ने किए मां पूर्णागिरि के दर्शन, औपचारिक रूप से संपन्न हुआ पूर्णागिरि मेला-2026
संवाददाता चंपावत।
प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां पूर्णागिरि धाम में आयोजित पूर्णागिरि मेला-2026 का सोमवार को विधिवत एवं औपचारिक समापन हो गया। इस वर्ष मेले में लगभग 25 लाख श्रद्धालुओं ने मां पूर्णागिरि के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया, जबकि वर्षभर में धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख से अधिक रही।
मेले का शुभारंभ 27 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया था। समापन समारोह में जिलाधिकारी मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व, मां पूर्णागिरि के आशीर्वाद और सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से इस वर्ष मेले का संचालन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक दर्शन व्यवस्था उपलब्ध कराना रही।
उन्होंने मेले के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी विभागों, पुलिस, एसएसबी, पूर्णागिरि मंदिर समिति और स्वयंसेवी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मां पूर्णागिरि धाम में सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है।

विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री की पहल पर पूर्णागिरि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इनमें बाटनागाड़ और किरोड़ा में आधारभूत ढांचे का विकास, सड़कों का सुधारीकरण, चूका में हेलीपैड निर्माण, पूर्णागिरि रोपवे परियोजना और मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण जैसे कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी व्यापक लाभ मिलेगा।

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए हुआ सम्मान समारोह

समापन समारोह के दौरान मेले के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, पूर्णागिरि मंदिर समिति, जिला पंचायत कर्मियों तथा पत्रकारों को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा ने मेले के औपचारिक समापन की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया और प्रदेश की निरंतर प्रगति की कामना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद, मां पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन चंद पाण्डेय, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, पुलिस उपाधीक्षक निहारिका सेमवाल, मेला अधिकारी एवं अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अनिल जोशी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विजय उप्रेती, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष मदन कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शेयर करे