जूतों की माला पहनाकर अपमान करने के मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार
तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में, चौथे की तलाश जारी
चंपावत/लोहाघाट। गुमदेश क्षेत्र के एक टैक्सी चालक के साथ मारपीट कर उसे जूतों की माला पहनाकर अपमानित करने के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इसके साथ ही अब तक कुल तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले 14 जून को आरोपी हरीश सिंह बोहरा को नैनीताल से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस ने वीरेंद्र सिंह और मोहन चंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, फरार चल रहे सोबन सिंह की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
10 जून को हुई थी घटना
पुलिस के मुताबिक, 10 जून को गुमदेश क्षेत्र के डूंगराबोरा निवासी एक टैक्सी चालक दिल्ली के लिए सवारियां लेकर जा रहा था। इसी दौरान टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवराड़ी बैंड के पास चार टैक्सी चालकों ने उसका वाहन रोक लिया।
आरोप है कि कम किराये पर यात्रियों को ले जाने को लेकर नाराज आरोपियों ने चालक के साथ गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल और मारपीट की। इतना ही नहीं, उसे जूतों की माला पहनाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया गया और घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।

More Stories
जनता मिलन में 208 शिकायतें, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
12 सूत्रीय मांगों को लेकर मिनिस्ट्रियल कर्मियों ने की नारेबाजी
टनकपुर जिला अस्पताल में डीएम के निर्देश पर प्रबंधन समिति के जरिए चालक की अस्थाई व्यवस्था को अनुमोदन