जनता मिलन में उमड़ी समस्याओं की फेहरिस्त, 94 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर निस्तारण
संवाददाता चंपावत। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्राप्त 94 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
जनपद के विभिन्न दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण व सुधारीकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, कृषि, उद्यान, सिंचाई, समाज कल्याण और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं।
सीडीओ ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
ग्राम पंचायत पासम के ग्रामीणों ने आपदा से क्षतिग्रस्त टूनी-कोटपताल मोटर मार्ग और विद्यालयों को जोड़ने वाली पुलिया के पुनर्निर्माण की मांग उठाई।
वहीं, नरसिंह डांडा निवासी मंजू देवी ने बीपीएल कार्ड बनाए जाने का अनुरोध किया, जिस पर जिल पूर्ति विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम दियूरी (तोक देवखोला) के दयाकिशन जोशी ने दो वर्षों से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन के कारण उत्पन्न जल संकट की समस्या रखी। इस पर संबंधित विभाग को तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ग्राम पंचायत पचनई में विद्यालय की मरम्मत और चारदीवारी निर्माण की मांग पर भी शिक्षा विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़, सार्वजनिक स्थलों पर सोलर लाइट स्थापना, पेयजल, बिजली और सड़क सुधार से जुड़ी शिकायतों पर भी संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम शासन और जनता के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है और प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।

More Stories
तेंदुए से भिड़कर पिता की जान बचाने वाली वीर बेटी किरण पांडेय को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
देवीधार में आस्था का सैलाब, तीन गांवों की देवी रथ यात्राओं ने की मंदिर की परिक्रमा हजारों श्रद्धालुओं ने मां भगवती और महाकाली के दर्शन कर लिया आशीर्वाद
एक माह अग्निवीर की ट्रेनिंग कर चुका युवक स्मैक तस्करी में गिरफ्तार, चम्पावत पुलिस ने एक करोड़ की हेरोइन के साथ दो को दबोचा