कार की टक्कर से घायल सड़क मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
लोहाघाट-खेतीखान सड़क पर हॉटमिक्स कार्य के दौरान हुआ था हादसा, मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
लोहाघाट। लोहाघाट-खेतीखान सड़क पर डामरीकरण कार्य के दौरान कार की टक्कर से घायल हुए मजदूर की उपचार के लिए हायर सेंटर ले जाते समय मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, सड़क पर निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने कार्यस्थल पर चेतावनी बोर्ड और बैरियर नहीं लगाए जाने पर नाराजगी जताते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, घटना 26 अक्टूबर की सुबह लोहाघाट के कोलीढेक क्षेत्र में शिवा होटल के पास हुई। यहां लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क पर हॉटमिक्स का कार्य कराया जा रहा था। डामरीकरण के बाद किशनगंज, बिहार निवासी 40 वर्षीय मनोज शर्मा पुत्र लोकमान शर्मा सड़क पर चूने का छिड़काव कर रहा था। इसी दौरान लोहाघाट की ओर आ रही ब्रेजा कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया।
हादसे के बाद घायल मजदूर को तत्काल लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। अगले दिन 27 अक्टूबर को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद समाजसेवी सचिन जोशी की मदद से उसे हायर सेंटर ले जाया जा रहा था, लेकिन बस्तिया के पास उसने दम तोड़ दिया।
मजदूर की मौत की सूचना उसके साथियों और ठेकेदार ने लोहाघाट थाने में दी। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बचार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मनोज शर्मा अपने परिवार का भरण-पोषण मजदूरी करके करता था। उसके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। उसकी मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। साथी मजदूरों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और मनोज की कमाई से ही परिवार का गुजारा होता था।
सुरक्षा इंतजामों पर उठाए सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर डामरीकरण कार्य के दौरान मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि कार्यस्थल पर चेतावनी बोर्ड और बैरियर नहीं लगाए जाने से दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

More Stories
नमामि गंगे समिति की बैठक में जल संरक्षण और सीवेज प्रबंधन की समीक्षा, डीएम ने दिए निर्देश
लोहाघाट के नैतिक करायत राष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट में करेंगे उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व
बालेश्वर मंदिर में नंदा-सुनंदा महोत्सव का भव्य शुभारंभ कलश यात्रा और झांकियों ने बांधा समां, स्कूली बच्चों ने दिखाई उत्तराखंड की संस्कृति की झलक