May 9, 2026

आम जनता की आवाज

सच का सारथी

Dukan Ad
Dukan Ad
Dukan Ad

नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर चम्पावत पुलिस का बड़ा प्रहार, ₹30 लाख की संपत्ति होगी कुर्क

नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर चम्पावत पुलिस का बड़ा प्रहार, ₹30 लाख की संपत्ति होगी कुर्क
संवाददाता चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशामुक्त एवं अपराधमुक्त देवभूमि” संकल्प को साकार करने की दिशा में चम्पावत पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर बड़ा प्रहार करते हुए लगभग 30 लाख रुपये की अवैध संपत्तियों को फ्रीज/जब्त कराने की कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे “ड्रग फ्री देवभूमि अभियान” के तहत थाना बनबसा में दर्ज एफआईआर संख्या 67/2025, धारा 8/21/22/29 एनडीपीएस एक्ट से जुड़े अभियुक्तों की संपत्तियों के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई। सक्षम प्राधिकरण SAFEMA कोर्ट, नई दिल्ली ने संपत्ति जब्ती और फ्रीज करने के आदेश जारी किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2025 को अभियुक्ता ईशा विश्वकर्मा के कब्जे से करीब 5.688 किलोग्राम अवैध एमडी ड्रग (मेफेड्रोन) बरामद की गई थी। मामले की विवेचना के दौरान राहुल कुमार, कुणाल कोहली, विशाल नरेंद्र भंडारी, ओम जय गोविंद गुप्ता, उपेंद्र सुरेंद्र यादव और अमर कुमार कोहली के नाम सामने आए। जांच में पता चला कि ये आरोपी जनपद पिथौरागढ़ के पंगरोली-सुआलेख क्षेत्र में नशीले पदार्थों के निर्माण और तस्करी में संलिप्त थे।
पुलिस ने सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए उनके विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल कर दिए हैं। वित्तीय जांच में आरोपितों के बैंक खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन और नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों का खुलासा हुआ।
कार्रवाई के तहत बैंक खातों में जमा धनराशि के अलावा एक स्विफ्ट डिजायर और एक एमजी हेक्टर कार को भी फ्रीज किया गया है। जब्त संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस द्वारा धारा 68(F) एनडीपीएस एक्ट के तहत सक्षम प्राधिकरण, नई दिल्ली के समक्ष साक्ष्य प्रस्तुत किए गए, जिसके बाद SAFEMA कोर्ट ने संपत्तियों को फ्रीज/जब्त करने के आदेश पारित किए। विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन संपत्तियों की नीलामी भी की जाएगी।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट और महिला आरक्षी अंकिता पाठक की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने कहा कि नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के आर्थिक तंत्र को ध्वस्त कर जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

शेयर करे

You may have missed