लोहाघाट। ग्राम पंचायत सुई पऊ के डुंगरी तोक में बुधवार को गुलदार के हमले में हर्षित की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। गुलदार के आतंक से प्रेमनगर, कनेड़ा, छमनिया, गलचौड़ा और चनकांडे क्षेत्र में शाम होते ही सन्नाटा पसर जा रहा है। लोग अंधेरा होने से पहले ही अपने घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
गुलदार की दहशत का असर व्यापार पर भी पड़ने लगा है। व्यापारी समय से पहले ही दुकानें बंद कर घरों को लौट रहे हैं। लोहाघाट में दुकान और दूध का कारोबार करने वाले मोहन चंद्र, ललित, मोहन चंद्र और प्रकाश चंद्र ने बताया कि गुलदार के हमले के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। अब उन्हें भी रोजाना समय से पहले घर लौटना पड़ रहा है। शाम ढलते ही सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो जा रही है।
इधर, वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। विभागीय कर्मियों की ओर से ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले घरों से बाहर न निकलने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। हर्षित की मौत के बाद ग्रामीणों में गुलदार को लेकर भय बना हुआ है। क्षेत्र के लोग गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए ठोस कार्रवाई की उम्मीद लगाए हुए हैं।
—-
लदार की निगरानी के लिए वन विभाग ने लगाए चार पिंजरे और 12 कैमरे
लोहाघाट। ग्राम पंचायत सुई पऊ के डुंगरी तोक में गुलदार के हमले की घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विभाग ने चार पिंजरे, 11 ट्रैप कैमरे और एक लाइव कैमरा लगाया है। रेंजर रमेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। शुक्रवार को डीएफओ धीनो पुरुषोत्तम और एसडीओ सुनील कुमार ने भी प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर वन विभाग की टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इधर, बाराकोट ब्लॉक के गल्ला गांव में गुरुवार शाम करीब चार बजे गुलदार ने शंकर सिंह की बकरी पर हमला कर दिया। बताया गया कि बकरी घर के आंगन के पास घास चर रही थी। इसी दौरान गुलदार ने उस पर झपट्टा मार दिया। घटना के समय पास में ही छोटे-छोटे बच्चे खेल रहे थे। स्थानीय निवासी मकर सिंह ने बताया कि गुलदार के हमले में बकरी गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि पास में खेल रहे बच्चे बाल-बाल बच गए। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है।

More Stories
गुलदार ने गौशाला का दरवाजा तोड़कर बैल को बनाया निवाला, ग्रामीणों में दहशत
राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य का लोहाघाट पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
गुलदार के हमले में किशोर की मौत, शोकाकुल परिवार को वन विभाग ने दी 10 लाख की सहायता