जिलाधिकारी की पहल पर सफल हुई वार्ता, विकास कार्यों पर बनी सहमति
लोहाघाट। खंड विकास अधिकारी कार्यालय,
लोहाघाट के बाहर स्वीकृत विकास योजनाओं को लेकर क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा दिया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार स्वयं धरना स्थल पर पहुंचे और जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने सदस्यों की सभी शिकायतें व समस्याएं गंभीरता से सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी के आश्वासन के बाद पंचायत सदस्यों ने आपसी सहमति से धरना समाप्त करने की घोषणा की तथा विकास कार्यों को गति देने की प्रतिबद्धता जताई।
जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी लोहाघाट को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा सुझाए गए उपयोगिता आधारित प्रस्तावों को योजनाओं में सम्मिलित किया जाए।
साथ ही क्षेत्र के समग्र और संतुलित विकास के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्यों से आग्रह किया कि वे बीडीसी की गरिमा बनाए रखते हुए अपनी समस्याएं निर्धारित मंचों पर रखें, जिससे संबंधित विभाग उनका समयबद्ध समाधान कर सकें।जिलाधिकारी ने बताया कि क्षेत्र पंचायत से जुड़े सभी प्रस्ताव ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
उन्होंने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रस्तावों और मांगों की व्यवहार्यता जांचकर उन्हें आगामी बीडीसी बैठक में प्रस्तुत किया जाए, ताकि नियमानुसार स्वीकृति प्रदान की जा सके।इसके साथ ही जिलाधिकारी ने अविलंब बीडीसी बैठक आयोजित कर सभी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करने के निर्देश दिए।इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, खंड विकास अधिकारी कविन्द्र रावत, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी की पहल पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों का धरना समाप्त

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार