वरिष्ठ नागरिक से पर्स छीनने वाला आरोपी आठ घंटे में गिरफ्तार, घटना का सफल खुलासा
टनकपुर । वरिष्ठ नागरिक से झपट्टा मारकर पर्स छीनने की वारदात का पुलिस ने मात्र आठ घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को छीने गए पर्स और नगद रकम समेत दबोच लिया।पुलिस के अनुसार, वादिनी नेहा पांडे निवासी कालसन मंदिर के पास, नायकगोठ (टनकपुर) ने तहरीर दी थी कि 30 दिसंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे अज्ञात युवक ने उनके पिता विजय कुमार पांडे से झपट्टा मारकर पर्स छीन लिया था, जिसमें नकद ₹2000, आधार कार्ड और वोटर आईडी कार्ड रखे थे।
तहरीर के आधार पर कोतवाली टनकपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। क्षेत्राधिकारी टनकपुर वंदना वर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक चेतन सिंह रावत के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज की जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर रोडवेज बस अड्डा परिसर स्थित सैनिक विश्राम गृह के पास से आरोपी सागर सोराड़ी (24 वर्ष) निवासी लिन्ठूड़ा, पिथौरागढ़ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी से एक काला पर्स, आधार कार्ड और ₹1850 नगद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ जनपद पिथौरागढ़ में कई संगीन मामलों—गैंगस्टर, एनडीपीएस व बीएनएस अधिनियमों के तहत मुकदमे दर्ज हैं।एसपी अजय गणपति ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के विरुद्ध घटित अपराधों पर त्वरित कार्रवाई की नीति के तहत यह सफलता महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल कमल कुमार और कांस्टेबल आनंद सिंह नेगी शामिल रहे।

More Stories
चम्पावत की साहित्यिक विरासत को सहेजने की पहल, साहित्यकारों की जानकारी जुटाई जा रही
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर शिक्षक और कर्मचारी संगठनों ने आंदोलन तेज करने की तैयारी
स्कूटी रपटने से महिला की मौत, पति गंभीर घायल