जन-जन की सरकार अभियान में जिलाधिकारी ने सुनी जनता की समस्याएँ
शिविर में ही बना दिव्यांग प्रमाण पत्र, मौके पर मिला लाभ
चंपावत, 20 दिसंबर ।
राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” के अंतर्गत शनिवार को विकासखंड लोहाघाट की न्याय पंचायत भुमलाई के अंतर्गत डिग्री कॉलेज मैदान, चौड़ीराय में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ज़मीन पर दरी में बैठकर ग्रामीणों से संवाद कर उनकी शिकायतें और मांगें सुनीं।
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे वार्ता करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। इस दौरान लोहाघाट निवासी धीरू पुनेठा की दिव्यांग प्रमाण पत्र संबंधी समस्या पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए, जिसके अनुपालन में शिविर स्थल पर ही प्रमाण पत्र जारी किया गया।
शिविर में 23 से अधिक विभागों ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। श्रम विभाग से 15, चिकित्सा विभाग से 60, महिला एवं बाल विकास से 16, पशुपालन से 38, कृषि से 37, आयुष से 73, होमियोपैथी से 80, डेयरी से 75 और अन्य विभागों से कुल सैकड़ों लोगों को योजनाओं का लाभ दिया गया। साथ ही 45 लोगों को आधार कार्ड एवं यूसीसी पंजीकरण की सुविधाएँ भी दी गईं।
शिविर में पहुंचे स्व. लक्ष्मण चन्द के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से ₹4 लाख तथा ₹1 लाख की अतिरिक्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।जिलाधिकारी ने बताया कि उन्हें लगभग 50 प्रार्थना पत्रों के माध्यम से 500 से अधिक शिकायतें व मांगें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही किया गया। मुख्य शिकायतें पेयजल, जल जीवन मिशन, आंगनवाड़ी, मानव-वन्यजीव संघर्ष, राशन कार्ड और सड़क निर्माण से संबंधित रहीं।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान भैरव राय ने पंचायत बैठक में वैवाहिक आयोजनों में अनावश्यक खर्च कम करने का प्रस्ताव पारित कराने की घोषणा कर सामाजिक चेतना का उदाहरण प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने इस निर्णय को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया और लोगों से कार्यक्रम का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, प्रदेश महामंत्री निर्मल महरा, राजू गणकोटी, सुभाष बगोली, सतीश पांडे, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी नीतू डागर, खंड विकास अधिकारी कविंद्र रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

More Stories
लोहाघाट के विकास कार्यों की स्वीकृति पर लोगों ने खुशी जताई, सीएम धामी का आभार जताया
185 आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों के लिए बीएलओ मानदेय स्वीकृत, बैंक को भेजी गई धनराशि
स्मैक तस्करी कर रहा हिस्ट्रीशीटर पत्नी के साथ गिरफ्तार