हर घर नल में जल सुनिश्चित करने पर जिलाधिकारी सख्त, टनकपुर ग्रामीण पेयजल योजना का किया निरीक्षण
चम्पावत, 11 दिसंबर (सूवि)।
जनपद में संचालित पेयजल योजनाओं की गुणवत्ता और कार्यप्रणाली की हकीकत जानने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को टनकपुर (ग्रामीण) पंपिंग पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान डीएम ने ओवरहेड टैंक, पंप हाउस, वितरण लाइन, जलापूर्ति स्रोत तथा परिसर की स्वच्छता समेत सभी बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि “हर घर नल में जल योजना का प्रमाणिकरण केवल कागजों पर न होकर जमीनी हकीकत पर आधारित होना चाहिए।”उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि नलों में पानी की वास्तविक आपूर्ति की स्थिति की पुष्टि किए बिना किसी भी तरह का प्रमाणिकरण न किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का उद्देश्य तभी पूरा होगा जब हर परिवार तक नियमित और गुणवत्तापूर्ण जलापूर्ति सुनिश्चित हो।टनकपुर (ग्रामीण) पेयजल योजना स्थानीय आबादी की दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में अहम भूमिका निभा रही है। 150 किलोलीटर क्षमता वाले ओवरहेड टैंक से जल वितरण किया जा रहा है।
जिससे कुल 420 घरों को घरेलू जल संयोजन उपलब्ध कराए गए हैं।डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए उपभोक्ताओं से यूजर चार्ज वसूली की प्रक्रिया नियमित और पारदर्शी ढंग से संचालित की जाए।उन्होंने पंप हाउस परिसर की स्वच्छता, सुरक्षा और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। डीएम मनीष कुमार ने पानी की गुणवत्ता जांच, वितरण लाइन की नियमित लीकेज टेस्टिंग, उपभोक्ताओं की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण तथा टैंक की समय-समय पर सफाई एवं क्लोरीनेशन वैज्ञानिक तरीके से करने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता अशोक स्वरूप समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

More Stories
विधायक के कमीशन के आरोपों को ग्राम पंचायत विकास अधिकारी संगठन ने खारिज किया
NPS-UPS के विरोध में कर्मचारियों ने किया पेंशन उपवास, OPS बहाली की उठाई मांग
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक का शाल ओढ़ाकर किया स्वागत